नारायणपुर: आईईडी विस्फोट में मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के छोटे डोंगर थाना क्षेत्र में आमदई माइंस के रास्ते पर नक्सलियों द्वारा बिछाई गई प्रेशर आईईडी में हुए विस्फोट की चपेट में आकर शुक्रवार को एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
आईईडी पर पैर पड़ते ही हुआ जोरदार धमाका
पुलिस के अनुसार, यह धमाका शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। गांव के मजदूर दिलीप कुमार बघेल और हरेंद्र नाग माइंस की ओर जा रहे थे, तभी उनका पैर प्रेशर आईईडी पर पड़ गया और तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि दोनों मजदूरों के पैर के चीथड़े उड़ गए। अन्य मजदूरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन नारायणपुर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दिलीप बघेल की मौत हो गई।
सुरक्षा बलों ने नक्सलियों का 70 फीट ऊंचा स्मारक ध्वस्त किया
इस बीच, सुरक्षा बलों ने बीजापुर जिले में 70 फीट ऊंचे नक्सली स्मारक को ध्वस्त कर दिया। यह स्मारक पुजारी कांकेर अग्रिम सुरक्षा शिविर के समीप ग्राम तामिलभट्टी के जंगल में नक्सलियों द्वारा बनाया गया था।

