पेंड्रा। गौरेला क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को राजस्व निरीक्षक संतोष चंद्रसेन को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एक विशेष ऑपरेशन के तहत की गई, जब संतोष चंद्रसेन ग्राम अंदुल, गौरेला निवासी रंजीत सिंह राठौर से जमीन के सीमांकन और बटांकन के बदले 50 हजार रुपये से अधिक की रिश्वत ले रहा था।
जानकारी के मुताबिक, रंजीत सिंह राठौर पिछले चार महीनों से अपनी जमीन के सीमांकन और बटांकन के लिए राजस्व कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। इस दौरान राजस्व निरीक्षक संतोष चंद्रसेन और उनके सहयोगी कर्मचारी घनश्याम भारद्वाज बार-बार काम टालते रहे और लगातार रिश्वत की मांग करते रहे।
लगातार हो रही मांगों और टालमटोल से परेशान होकर रंजीत सिंह ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही संतोष चंद्रसेन ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि, इस दौरान दूसरा आरोपी घनश्याम भारद्वाज रिश्वत की रकम लेकर फरार हो गया। फिलहाल ACB की टीम उसकी तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई है।

