
रायपुर: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की 12वीं राष्ट्रीय समीक्षा बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ को देश के बड़े राज्यों की श्रेणी में “सेकंड बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट” के पुरस्कार से नवाजा गया है। इसके साथ ही, राज्य के मोहला-मानपुर-चौकी और सक्ति जिलों को भी इस योजना के तहत “बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट” के रूप में सम्मानित किया गया।
यह दो दिवसीय राष्ट्रीय समीक्षा सम्मेलन 18-19 अप्रैल 2025 को तिरुवनंतपुरम (केरल) में आयोजित किया गया था। भारत सरकार के कैबिनेट सचिव कृषि ने छत्तीसगढ़ राज्य की ओर से संयुक्त संचालक बी.के. मिश्रा और उपसंचालक उद्यानिकी नीरज शाह को यह सम्मान प्रदान किया। इसके अलावा, मोहला-मानपुर-चौकी जिले की कलेक्टर तूलिका प्रजापति और सक्ति जिले के कलेक्टर टोपनो ने “बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट” का अवार्ड प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों, मंत्री राम विचार नेताम के मार्गदर्शन, और कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ भविष्य में कृषि क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।