रायपुर। भाजपा नेता रतन दुबे हत्याकांड में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता शिवानंद नाग को रायपुर से गिरफ्तार किया है। शिवानंद नाग नारायणपुर जिला युवा कांग्रेस कमेटी के महासचिव हैं। NIA इस हत्याकांड की जांच काफी समय से कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, यह हत्या नक्सलियों द्वारा की गई थी। बीते विधानसभा चुनाव से महज तीन दिन पहले रतन दुबे की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। इस मामले में इससे पहले चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
अब शिवानंद नाग की गिरफ्तारी के बाद NIA उन्हें जगदलपुर स्थित विशेष न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। सूत्रों का मानना है कि इस गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

