कोरिया/अंबिकापुर: कोरिया जिले के पटना से सटे ग्राम छिंदिया में सांप के डसने से दो भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बच्चे गुरुवार रात अपने पलंग पर सो रहे थे, तभी अचानक उनके शरीर में दर्द शुरू हो गया और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। मां भाग्यश्री, जो पास ही सो रही थीं, बच्चों की हालत देखकर चिंतित हो गईं। पिता घर पर नहीं थे, इसलिए मां ने पड़ोसी की मदद से बच्चों को निजी वाहन से बैकुंठपुर जिला अस्पताल पहुंचाया।
बैकुंठपुर अस्पताल में छोटे भाई मानव राजवाड़े (9 वर्ष) की मौत हो गई। बड़े भाई सूर्या राजवाड़े (12 वर्ष) को हालत गंभीर होने पर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। यह खबर सुनते ही मां भी बेहोश हो गईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा, जहां उनका स्वास्थ्य अब सुधर रहा है।
पोस्टमार्टम में दोनों बच्चों के शरीर पर सांप के डसने के निशान पाए गए। चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि सर्पदंश से की है। हालांकि, घर में किसी ने सांप को देखा नहीं था। आमतौर पर पलंग या खाट में सोने वाले कम ही सर्पदंश का शिकार होते हैं, लेकिन इस घटना में बच्चों को वहीं डसा गया। डॉक्टरों ने सर्पदंश से बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग करने की सलाह भी दी है।

