धारः मध्यप्रदेश के धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन मार्ग पर ग्राम पीपलखेड़ा के समीप गुरुवार सुबह ओवरटेक करने के दौरान एक निजी यात्री बस ने स्कूली बस को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में स्कूली छात्रा सहित दोनों बसों में सवार 19 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सात घायलों को भर्ती किया है।
जानकारी के अनुसार नौगांव थाना क्षेत्र के पीपलखेड़ा फोरलेन पर सुबह करीब नौ बजे गौतम स्कूल की बस क्रमांक एमपी-11 पी-0311 विद्यार्थियों को लेने घाटाबिल्लोद की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही निजी यात्री बस ओम साई राम क्रमांक एमपी-11 जेडएफ-3137 ने स्कूली बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान पर्याप्त जगह नहीं बचने से यात्री बस ने स्कूली बस को पीछे से टक्कर मार दी टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूली बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों बसों में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही यातायात पुलिस, डायल-112 और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को धार जिला अस्पताल पहुंचाया गया जिला अस्पताल के सिविल सर्जन मुकुंद बर्मन ने बताया कि हादसे के बाद कुल 19 घायलों को अस्पताल लाया गया। इनमें 15 महिलाएं, एक स्कूली छात्रा और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार किया गया है। सात घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसे में पार्वती, पायल, वीना, महिमा, ललिता, पार्वती, प्रिया, सोनू, बद्रीलाल, अंजलि, पलक, कुसुम, अनिल, विजय, सिखा, गगनबाई, सुभाष, जितेंद्र और आशा घायल हुए हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर कलेक्टर राजीव रंजन मीणा और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। अधिकारियों ने घायलों से हादसे की परिस्थितियों के संबंध में जानकारी भी ली। कलेक्टर राजीव रंजन मीणा ने कहा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

