कपूरथला : जिले के चक्कोकी मंड क्षेत्र में उस समय दहशत फैल गई जब खेतों से काम करके लौट रहे एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने कथित रूप से पहले फायरिंग की और फिर उसे घेरकर तेजधार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को तुरंत सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
खेतों से लौटते समय हुआ हमला
घायल युवक जोबनप्रीत सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी चक्कोकी ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ खेतों से काम खत्म कर वापस लौट रहा था। उसके दोस्त कार में थे जबकि वह स्वयं ट्रैक्टर चला रहा था। रायपुर अराइयां के पास अचानक कुछ अज्ञात लोग मोटरसाइकिलों और गाड़ियों में सवार होकर वहां पहुंचे। पीड़ित के अनुसार हमलावरों ने पहले उसके साथियों की कार और फिर उसके ट्रैक्टर पर गोलियां चलाईं। जब वह अपनी जान बचाने के लिए भागने लगा तो हमलावरों ने उसे घेर लिया और तेजधार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
दोस्तों और परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल
हमले के बाद युवक के दोस्तों और परिजनों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में भय और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस तरह की वारदातों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले संबंधी जानकारी देते हुए थाना ढिलवां के एसएचओ हरजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को लड़ाई-झगड़े की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। एसएचओ ने बताया कि फिलहाल गोलियां चलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

