Expressway Accident: बाराबंकी में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन में पीछे से एंबुलेंस टकरा गई।
हादसे में दो भाइयों समेत 5 लोगों की मौत हो गई। सभी लोग जयपुर से बंगाल जा रहे थे। एंबुलेंस में अजीजुल हक का शव भी रखा हुआ था।
हादसा एक्सप्रेस-वे के 53वें किलोमीटर के पास हुआ। एंबुलेंस तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े पिकअप में पीछे से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में सवार सभी लोग अंदर फंस गए।
दरवाजा तोड़कर निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के दरवाजे तोड़कर काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस में पश्चिम बंगाल के कूच बिहार के रहने वाले अजीजुल हक का शव रखा था। उनके परिजन और रिश्तेदार शव को लेकर जयपुर से बंगाल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। दुर्घटना में अजीजुल हक के भाई अमिनूर हक (40) की भी मौत हो गई।
हादसे में उनके दो रिश्तेदारों की भी जान चली गई। इनमें पश्चिम बंगाल के कूच बिहार निवासी रुपिक (50) और राजस्थान निवासी मकबूल खान (62) शामिल हैं।
एंबुलेंस के दोनों चालकों की भी गई जान
इस हासदे में एंबुलेंस चला रहे दोनों ड्राइवर भी बच नहीं सके। उनकी पहचान राजस्थान निवासी हरिओम (33) और आलम के रूप में हुई है। इस तरह हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में ड्राइवर को झपकी आने की बात सामने आई है। फिलहाल अब यूपी पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

