कर्नाटक के बेलगावी के हुक्केरी तालुक के अरलीकट्टी गांव में 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला की उसके ही पोते ने हत्या कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, हत्या की वजह वजह कर्नाटक सरकार की गृह लक्ष्मी योजना से मिलने वाला पैसा था। पुलिस ने बताया कि मरने वाली बुजुर्ग महिला का नाम हम्मव्वा सनदी है। वहीं, आरोपी पोता भीमप्पा सनदी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
बेलगावी पुलिस के अनुसार, भीमअप्पा अपनी दादी पर रोजाना गृह लक्ष्मी योजना के पैसे देने के लिए दवाब बनाता था। वह अक्सर उन्हें इस बात को लेकर परेशान करता था। बीते 10 नवंबर को बुजुर्ग महिला अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। 15 नवंबर को उसका शव हिडकल डैम के बैकवॉटर में पाया गया। पुलिस ने कहा कि शव को पत्थर से बांधकर बोरे में भरकर पानी में फेंका गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी 10 नवंबर को अपनी दादी को चांदी के गहने दिलाने के बहाने मोटरसाइकिल पर ले गया था। उसने दादी के जरिए कुंदरगी सोसाइटी से पैसे निकलवाए। फिर उसे लेकर गवि सिद्धेश्वर पहाड़ी पर ले गया, जहां उसने कथित तौर पर गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। आरोपी ने हत्या के बाद 2300 रुपए नकद और दादी की सोने की चेन ले ली, फिर शव को बोरे में भरा, उसमें पत्थर रखा और मोटरसाइकिल पर करीब 15 किलोमीटर दूर ले जाकर हिडकल डैम के बैकवॉटर में फेंक दिया।
आरोपी भीमअप्पा ने खुद को निर्दोष दिखाने के लिए दादी के लापता होने और ढूंढने की दिखावा करने लगा। आरोपी ने अपने पिता
रामप्पा सनदी को बताया कि दादी लापता हैं। दो दिन बाद रामप्पा ने अपनी बहन को मां के लापता होने की जानकारी दी। बाद में आरोपी ने पिता को बताया कि उसने बैकवॉटर में शव देखा है। इसके बाद रामप्पा बेटे के साथ वहां गए और शव बाहर निकाला। फिर मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस यह भी जाँच रही है कि क्या आरोपी ने अपने पिता के सामने अपना जुर्म कबूल किया था।
क्या है गृह लक्ष्मी योजना?
गृह लक्ष्मी कर्नाटक सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजना है, जो अगस्त 2023 में शुरू हुई थी। इसमें पात्र परिवारों की महिला मुखिया के बैंक खाते में हर महीने 2,000 रुपये सीधे भेजे जाते हैं, ताकि घर का ख़र्च चल सके और महिलाएँ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें।

