बड़ा झटका,आतंकी मसूद अजहर के भाई ताहिर अनवर की संदिग्ध हालात में मौत

Mohammad Tahir Anwar Death : भारत के सबसे बड़े दुश्मनों में से एक और जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के सरगना मौलाना मसूद अजहर के बड़े भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की पाकिस्तान में मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार ताहिर की मौत रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई है जिसका खुलासा अभी तक नहीं किया गया है।
जैश के ऑपरेशन्स में था मुख्य किरदार
प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के आधिकारिक चैनलों ने ताहिर अनवर की मौत की पुष्टि की है। उसका अंतिम संस्कार सोमवार को बहावलपुर की जामिया मस्जिद उस्मान वली में किया गया। ताहिर अनवर, मसूद अजहर के पांच भाइयों में से एक था और संगठन की आतंकी गतिविधियों और ऑपरेशन्स में बेहद सक्रिय भूमिका निभाता था।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ से टूट गई थी अजहर की कमर
यह खबर ऐसे समय में आई है जब मसूद अजहर ने पिछले साल खुद स्वीकार किया था कि भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ (Operation Sindoor) के दौरान हुए एयरस्ट्राइक में उसके परिवार के 10 सदस्य मारे गए थे। भारत ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लेने के लिए बहावलपुर स्थित जैश के मुख्यालय ‘जामिया मस्जिद सुभान अल्लाह’ पर निशाना साधा था।
कौन-कौन हुए थे ढेर
मसूद अजहर के मुताबिक उस स्ट्राइक में उसकी बड़ी बहन, बहनोई, भांजा-भांजी और परिवार के पांच मासूम बच्चे समेत कुल 14 लोग (10 परिवार के और 4 करीबी साथी) मारे गए थे।
मसूद अजहर: भारत का गुनहगार
संयुक्त राष्ट्र (UN) द्वारा अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित मसूद अजहर भारत में हुए कई बड़े आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड रहा है:
2001: भारतीय संसद पर हमला।
2008: मुंबई आतंकी हमला (26/11)।
2016: पठानकोट एयरबेस हमला।
2019: पुलवामा आतंकी हमला जिसमें 40 जवान शहीद हुए थे।
1994 में भारत में गिरफ्तार होने के बाद मसूद अजहर को 1999 के ‘इंडियन एयरलाइंस IC 814’ हाईजैक मामले में यात्रियों की जान बचाने के बदले रिहा करना पड़ा था। तब से वह पाकिस्तान की सरजमीं से भारत के खिलाफ साजिशें रचता रहा है लेकिन अब उसके करीबी और परिवार के सदस्य एक-एक कर खत्म हो रहे हैं।


