क्राइम

मातम में बदल गया उत्सव, बच्चे के गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान युवती की गोली मारकर हत्या…

मध्य प्रदेश – सीधी जिले में युवती की गोली मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. युवती अपनी मौसी की लड़की के यहां कार्यक्रम में आई थी. आरोपी युवक पहले बंदूक को हवा में लहरा रहा था. जब युवती वहां से गुजर रही थी तो उसको आवाज देकर बुलाया. वह जैसे ही मुड़ी आरोपी ने उसको गोली मार दी. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है. वहीं, पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है. उमंग और उत्साह के कार्यक्रम मातम में बदल गया. मामला चुरहट थाना क्षेत्र के मवई गांव है.

मौसी की लड़की को हुआ था बेटा

मृतका के भाई उदय सिंह ने बताया कि वह सोमवार शाम को अपनी मौसी के दामाद मृगेंद्र सिंह के गांव मवई आए हुए थे. उदय ने बताया कि मौसी की लड़की स्वाति सिंह को बेटा हुआ था, जिसकी अस्पताल से छुट्टी हुई थी और बेटे के गृह प्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया गया था.

शाम करीब 6:30 बजे गाजे बाजे के साथ डांस करते हुए अस्पताल से बेटे को लेकर मवई गांव पहुंच गए थे, जहां वह बच्चे का गृह प्रवेश कराने वाले थे. इसी दौरान शराब के नशे में धुत गांव के ही ऋषि सिंह नामक युवक ने पहले तो बंदूक लहराई और इसके बाद बगल से गुजरी उसकी बहन रितिका (21) को आरोपी ने बुलाया और जैसे ही उसकी बहन पीछे की ओर घूमी तो आरोपी ने बंदूक से गोली मार दी. इससे घटनास्थल पर ही रितिका गिर गई.

गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के दौरान रितिका को मृत घोषित कर दिया. उदय ने बताया कि उसकी बहन की जानकार हत्या की गई है. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

Related Articles

Back to top button