कांग्रेस नेता सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती,हालत स्थिर…

नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की स्थिति अभी स्थिर है. सोनिया को मंगलवार देर शाम दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल के चेयरमैन डॉ अजय स्वरूप ने बताया है कि कांग्रेस नेता की स्थिति अभी स्थिर है. उन्होंने बताया कि डॉक्टर पेट और यूरिन संक्रमण की जांच कर रहे हैं. डॉ स्वरूप ने बताया कि डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है. उन्होंने बताया कि सोनिया को एंटीबायोटिक दवाएं भी दी जा रही हैं.
गौरतलब है कि सोनिया गांधी अस्थमा की मरीज हैं और हमेशा चेक अप के लिए गंगाराम अस्पताल ही जाती रहीं है. गांधी परिवार का भरोसा गंगाराम अस्पताल पर इतना है कि प्रियंका गांधी के बच्चे भी यहीं पैदा हुए हैं. इस बार भी सोनिया गांधी की तबीयत खराब है जिसकी वजह से राहुल गांधी ने केरल का अपना दौरा रद्द कर दिया और उनके बदले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे केरल गए हैं.
आज संसद में ईरान अमेरिका युद्ध के मामले पर जो सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है उसमें मल्लिकार्जुन खरगे केरल दौरे की वजह से और राहुल गांधी सोनिया गांधी की तबियत खराब होने की वजह से नहीं शामिल होंगे उसके बदले कांग्रेस के लोकसभा सांसद तारिक अनवर और राज्यसभा सांसद मुकुल वासनिक शामिल होंगे. संसद में भी आज राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दिखाई नहीं दिए.



