चेन्नई, पिछले मैच में जीत से उत्साहित चेन्नई सुपर किंग्स की टीम मंगलवार को चेन्नई में होने वाले आईपीएल के मैच में अब तक एक भी मैच न जीतने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के खिलाफ दबदबा बनाने की कोशिश करेगी। सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करके सत्र की अपनी पहली जीत दर्ज की। उसकी इस जीत के नायक संजू सैमसन रहे, जिन्होंने 56 गेंद पर नाबाद 115 रन की पारी खेली। इसके बाद उसके गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। डेवाल्ड ब्रेविस के फिट होकर वापसी करने से सीएसके को अपने गेंदबाजी संयोजन में बदलाव करने की छूट मिली, जिससे वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 212 रन का बचाव करने में सफल रही। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह ने अपने आईपीएल पदार्पण पर प्रभावित किया। जेमी ओवरटन ने भी शानदार प्रदर्शन किया और लगातार अच्छी गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए।
सत्र का अपना पहला मैच खेल रहे बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन ने पावरप्ले में सीएसके के गेंदबाजी आक्रमण को एक और आयाम प्रदान किया। अब सीएसके संघर्ष कर रही केकेआर के खिलाफ एक बड़ी पारी खेलकर लय हासिल करने की कोशिश करेंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत में यह घोषणा की गई थी कि महेंद्र सिंह धोनी पिंडली में खिंचाव के कारण कुछ हफ्तों के लिए बाहर रहेंगे। पिछले मैच में गायकवाड़ ने संकेत दिया था कि यह स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जल्द वापसी करेगा। दूसरी ओर केकेआर जीत के लिए बेताब है। कैमरन ग्रीन ने पिछले मैच में केकेआर के लिए गेंदबाजी की। यह ऑलराउंडर चेपॉक में शानदार प्रदर्शन करके अपनी मोटी कीमत को सही साबित करने की कोशिश करेगा। रहाणे ने बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने भी प्रभाव छोड़ा है।

