रायपुर। राजधानी रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दी।
अग्रसेन धाम चौक पर आधी रात हुआ हादसा
घटना तेलीबांधा थाना इलाके के अग्रसेन धाम चौक की है। आधी रात में तेज रफ्तार स्कोडा कार ने बलेनो कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलेनो कार के परखच्चे उड़ गए।
बुजुर्ग की मौत, महिला और दो बच्चे घायल
हादसे में बलेनो चालक 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई। बलेनो कार सवार महिला और 2 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल श्याम नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। परिवार नया रायपुर में भतीजी की शादी से लौट रहा था।
कार छोड़कर फरार हुए स्कोडा सवार युवक
स्कोडा कार सवार युवक भी हादसे में घायल हुए हैं। हादसे के बाद कार छोड़कर चारों युवक फरार हो गए। पुलिस ने स्कोडा कार को जब्त कर लिया है और फरार युवकों की तलाश कर रही है।

