रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के भिलाई स्थित निवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की है। यह कार्रवाई सुबह से जारी है। ईडी की टीम ने बघेल के घर समेत 14 अन्य स्थानों पर भी रेड मारी है। उनके बेटे चैतन्य बघेल के निवास पर भी छापेमारी की गई है।

क्यों हुई छापेमारी?
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों से जुड़ी है। ईडी की टीम सुबह 7:00 बजे तीन इनोवा कारों में पहुंची और भिलाई-3 स्थित मानसरोवर कॉलोनी में पूर्व मुख्यमंत्री के बंगले में छापेमारी शुरू की। बंगले के अंदर जांच जारी है, जबकि बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता जुटने लगे हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया विरोध
ईडी की कार्रवाई के दौरान सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ जवानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हो गया। मीडिया को कवरेज से रोके जाने पर कांग्रेसियों ने हंगामा किया। हालांकि, कुछ समय बाद स्थिति सामान्य हो गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी भी की। बड़ी संख्या में कांग्रेसी समर्थक भूपेश बघेल के निवास के बाहर एकत्र हो रहे हैं।

