बीजापुर (Bijapur News)। छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा पहाड़ी में माओवादियों के खिलाफ चल रहे संयुक्त अभियान के 18वें दिन गुरुवार को तेलंगाना की विशेष पुलिस इकाई ग्रेहाउंड्स को बड़ी कामयाबी मिली। इलमिड़ी गांव के समीप जंगल में हुई मुठभेड़ में ग्रेहाउंड्स बल ने एक करोड़ के इनामी सेंट्रल कमेटी सदस्य चंद्रन्ना और 25 लाख के इनामी स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य बंडी प्रकाश समेत कुल 10 माओवादियों को मार गिराया।
हालांकि, इस कार्रवाई से पहले माओवादियों द्वारा बिछाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर ग्रेहाउंड्स बल के पांच जवान शहीद हो गए। घटना की फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभियान की रणनीतिक संवेदनशीलता को देखते हुए अभी जानकारी साझा नहीं की जा सकती; अभियान के पूरा होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर माओवादी शीर्ष नेताओं—बसव राजू, दामोदर, हिड़मा और चंद्रन्ना—के साथ करीब 350 माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद 21 अप्रैल से छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र पुलिस बलों द्वारा संयुक्त अभियान शुरू किया गया था।
इसी दौरान वाजेडु जिले से लौट रहे ग्रेहाउंड्स बल के जवान माओवादियों द्वारा बिछाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आ गए। विस्फोट के बाद माओवादियों ने घात लगाकर हमला किया, जिसका जवानों ने डटकर मुकाबला किया। करीब पांच से सात घंटे चली मुठभेड़ में 10 माओवादी मारे गए।
बताया जा रहा है कि कर्रेगुट्टा पहाड़ी को माओवादी लंबे समय से एक रणनीतिक कॉरिडोर के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे। खुफिया जानकारी के आधार पर करीब 10,000 से अधिक सुरक्षाबल पिछले 18 दिनों से इस इलाके में निर्णायक अभियान चला रहे हैं। इस अभियान में वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर, एनटीआरओ के सैटेलाइट और 20 से अधिक ड्रोनों की सहायता ली जा रही है। अब तक की कार्रवाई में 36 से अधिक माओवादी मारे जा चुके हैं, जिनमें कई शीर्ष कमांडर भी शामिल हैं।

