पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने बताए ऑरेंज-पर्पल कैप के कौन-कौन हो सकते हैं दावेदार

नई दिल्ली। पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने आईपीएल 2026 के लिए ऑरेंज कैप और पर्पल कैप के दावेदारों को लेकर भविष्यवाणी की है। उन्होंने इसके लिए एक लिस्ट बनाई है, जिसमें भारतीय खिलाडिय़ों का बोलबाला है। आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत में सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल को इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों के रूप में चुना है। ये खिलाड़ी एक-एक बार ऑरेंज कैप जीत चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने विराट कोहली और केएल राहुल को भी दावेदार बताया है। कोहली दो बार ऑरेंज कैप अपने नाम कर चुके हैं। आकाश चोपड़ा ने कहा कि सच कहूं तो ऑरेंज कैप आमतौर पर सलामी बल्लेबाज के सिर पर ही रहती है।
मुझे लगता है कि यशस्वी जायसवाल के लिए यह धमाकेदार सीजन हो सकता है, जिसका सबको इंतजार है। इसलिए मेरा झुकाव उनकी तरफ काफी ज्यादा है। दूसरे खिलाड़ी शुभमन गिल हो सकते हैं क्योंकि शायद वह रनों के लिए सबसे ज्यादा भूखे होंगे। उन्होंने आगे कहा कि तीसरे बेशक विराट कोहली हैं, क्योंकि आजकल वह लंबे समय तक क्रिकेट नहीं खेलते हैं तो विराट कोहली वह ऑरेंज कैप विजेता हो सकते हैं। इन तीनों में से कोई एक है, जिसके बारे में मैं सोच रहा हूं और उम्मीद कर रहा हूं।



