भीषण सड़क हादसा, 30 फीट नीचे गिरी SUV, तीन दोस्तों की मौत

कोटा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बालापुरा क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें कार सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, एक एसयूवी कार में सवार तीन दोस्त दिल्ली से मुंबई की ओर जा रहे थे। इसी दौरान करीब 11 बजे बालापुरा से करीब 5 किलोमीटर दूर थुमडा के पास कार अचानक असंतुलित हो गई । तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार डिवाइडर को तोड़ते हुए 30 फीट नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
लेह-लद्दाख व जम्मू-कश्मीर घूमकर लौट रहे थे
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक महाराष्ट्र के पुणे के रहने वाले थे और अपने दोस्तों के साथ लेह-लद्दाख व जम्मू-कश्मीर घूमकर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, यह सभी 10 सदस्यीय ग्रुप 26 फरवरी को टूर पर निकला था और अलग-अलग गाड़ियों में सफर कर रहा था।
तीनों युवकों की मौके पर हो गई मौत
कैथुन थानाधिकारी मनोज सिकरवार ने बताया कि हादसे के समय एसयूवी कार में सवार सिद्धांत (21), कुणाल (25) और मयुरेवा (25) पुणे लौट रहे थे। उनके साथियों की दो अन्य कारें पीछे-पीछे चल रही थीं। बालापुरा क्षेत्र में थुमडा के पास अचानक उनकी कार असंतुलित हो गई और डिवाइडर तोड़ते हुए जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश सामर ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवकों की मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का असंतुलित होना माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।



