राष्ट्रीय

सुनी ‘मन की बात’, बोले सीएम- उत्तराखंड को पीएम मोदी से मिली वैश्विक पहचान

देहरादून के इन्द्रानगर में आयोजित मन की बात के 132वें एपिसोड को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ सुना. इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा करते हुए इसे एक अद्वितीय जनसंवाद मंच बताया है.

सीएम धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रम के माध्यम से नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सीधे संवाद की एक नई परंपरा स्थापित की है. यह कार्यक्रम विश्व के किसी भी राष्ट्राध्यक्ष द्वारा संचालित सबसे लंबे समय तक चलने वाले प्रेरणादायी संवाद कार्यक्रमों में से एक है, जो समाज के हर वर्ग को जोड़ने का कार्य कर रहा है.

‘पीएम मोदी ने हर संबोधन में किया उत्तराखंड का जिक्र’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने लगभग हर संबोधन में उत्तराखंड का विशेष रूप से उल्लेख करते हैं, जिससे राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है. पीएम मोदी स्वयं भी उत्तराखंड के विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों का दौरा कर चुके हैं. इनमें आदि कैलाश और हर्षिल-मुखबा जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं.

राज्य के पर्यटन में पड़ा पीएम मोदी के दौरे का असर- धामी

सीएम धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री के इन दौरों और उनके द्वारा किए गए उल्लेख का सकारात्मक असर राज्य के पर्यटन क्षेत्र में स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है. विशेष रूप से शीतकालीन पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है और रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं.

‘ऑल-सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने का प्रयास’

उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को ‘ऑल-सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इसके तहत वर्षभर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने, इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

कार्यक्रम के दौरान मौजूद जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी अपने विचार साझा किए और ‘मन की बात’ को प्रेरणादायक बताते हुए इसकी सराहना की. सीएम धामी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और देश को एक नई दिशा देने का कार्य करते हैं.

Related Articles

Back to top button