दिल्ली के नॉर्थ ईस्ट इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां प्रेमी की शादी किसी और से तय होने पर नाराज प्रेमिका ने उसकी होने वाली पत्नी पर तेजाब फेंक दिया। यह मामला गोकलपुरी क्षेत्र के इंदिरा विहार इलाके का बताया जा रहा है और पुलिस ने 26 वर्षीय आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार महिला ने गुस्से और जलन के चलते यह खौफनाक कदम उठाया है। घटना के बाद पीड़िता का शरीर बूरी तरह जल गया और उसका फिलहाल इलाज चल रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही गोकलपुरी थाना की टीम मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पता चला कि घायल युवती को उसके परिवार वाले तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती करा चुके थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीड़िता की शादी एक युवक से तय हुई थी और शादी की तैयारियां चल रही थी। जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी महिला उसी युवक के साथ पहले से संबंध में थी और इस शादी का विरोध कर रही थी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जलन और गुस्से में आकर आरोपी ने पीड़िता पर तेजाब फेंक दिया। यह हमला अचानक किया गया, जिससे पीड़िता को गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस पूरे मामले में प्रेम त्रिकोण मुख्य कारण बनकर सामने आया है। आरोपी महिला कथित तौर पर उस युवक से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार ने किसी और लड़की से उसकी शादी तय कर दी। इसी बात को लेकर आरोपी मानसिक तनाव में थी और उसने हिंसक रास्ता अपनाया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पहले से योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, अभी जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इस घटना में कोई और भी शामिल था या नहीं।
पीड़िता का चल रहा इलाज
फिलहाल पीड़िता का इलाज गुरु तेग बहादुर अस्पताल में चल रहा है, जहां डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, आगे की जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि आरोपी ने तेजाब कहां से प्राप्त किया और हमले की पूरी साजिश कैसे रची गई। इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ती हिंसक प्रवृत्तियों और असफल रिश्तों के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है।

