BREKING NEWSराष्ट्रीय

मनी लॉन्ड्रिंग मामला: अनिल अंबानी के बेटे से लगातार दूसरे दिन ईडी ने की पूछताछ

नई दिल्ली । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले में उद्योगपति अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अंबानी से शनिवार को भी पूछताछ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, 34 वर्षीय अनमोल अंबानी के बयान धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत शुक्रवार को पहली बार दर्ज किए गए थे और शनिवार को भी पूछताछ जारी रही।

रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह ने इस घटनाक्रम पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय की जांच येस बैंक से जुड़ी है। उन्होंने बताया कि बैंक का 31 मार्च 2017 तक रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह में करीब 6,000 करोड़ रुपये का निवेश था, जो एक वर्ष के भीतर बढकर लगभग 13,000 करोड़ रुपये हो गया।

उल्‍लेखनीय है कि ईडी रिलायंस समूह की कंपनियों से जुड़े कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में अनिल अंबानी से भी पूछताछ कर चुकी है। ईडी का ये आरोप है कि इन निवेशों का एक ‘‘बड़ा’’ हिस्सा गैर-निष्पादित निवेश में बदल गया, जिसके चलते बैंक को बाद में करीब 3,300 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

Related Articles

Back to top button