अंबिकापुर। बलरामपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के बैढ़न शहर में कार्रवाई करते हुए म्यूल बैंक खाताधारकों के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जो साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने के साथ-साथ ऑनलाइन सट्टा एप ‘काबूक’ का संचालन भी कर रहे थे। गिरोह के पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज़ और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस ने उनके कब्जे से 3 लैपटॉप, 23 मोबाइल फोन, 46 एटीएम कार्ड, 9 बैंक पासबुक, 1.50 लाख रुपये नकद और एक महिंद्रा थार वाहन जब्त किया है। शुरुआती जांच में करीब 4 करोड़ रुपये के अवैध लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं। इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड अंबिकापुर निवासी सचिन कुमार सैनी उर्फ बिट्टू बिहारी है।
बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने बताया कि पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के आधार पर पहले ग्राम बरदर निवासी नंदन कुमार रजक (20) और ग्राम अमटाही निवासी शोएब खान (31) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और डिजिटल सबूतों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिली। विशेष अपराध अनुसंधान टीम ने मोबाइल और बैंक खातों की निगरानी की, जिनका लोकेशन बैढ़न शहर में मिला। इसके बाद बैढ़न में एक किराए के मकान पर दबिश देकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
खरीदे जाते थे बैंक खाते
गिरोह के सदस्य ग्रामीण कॉलेज छात्रों और अन्य लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे, जिन्हें 4,000 से 12,000 रुपये में खरीदा जाता था। फिर ये खाते रायपुर में दलालों को 10,000 से 15,000 रुपये में बेचे जाते थे। फर्जी मोबाइल नंबर खातों से लिंक कर इंटरनेट बैंकिंग और एसएमएस अलर्ट सक्रिय किए जाते थे। एटीएम कार्ड और सिम कार्ड रायपुर भेजे जाते थे, जहां से इन्हें देशभर के साइबर अपराधियों को बेचा जाता था। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम जमा और निकालने के लिए होता था।
आईपीएल पर सट्टेबाजी का धंधा
गिरोह ने ‘काबूक’ नामक सट्टा एप की ID लेकर सट्टेबाजी का धंधा भी शुरू कर रखा था। वर्तमान में चल रहे आईपीएल मैचों पर जमकर ऑनलाइन सट्टा खिलवाया जा रहा था। जब्त किए गए लैपटॉप और मोबाइल की जांच में सैकड़ों बैंक खातों से जुड़े लेनदेन की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने 18 निष्क्रिय सिम कार्ड, चेकबुक, वाई-फाई डिवाइस और अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं।
जांच जारी, नेटवर्क देशभर में फैला
एसपी वैभव बैंकर के अनुसार, जांच अभी जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य साइबर अपराधियों की तलाश की जा रही है। जब्त बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस को संदेह है कि गिरोह का नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ है, और जल्द ही अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी होगी। बलरामपुर पुलिस के लिए यह कार्रवाई साइबर क्राइम और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
- सचिन कुमार सैनी उर्फ बिट्टू बिहारी (24) – महुआपारा, अंबिकापुर
- राजेश सोनकर (25) – आंबेडकर वार्ड, मुंगेली
- सुखदेव साहू (23) – कैलाशपुर, सूरजपुर
- आयुष कुमार साहू (23) – कैलाशपुर, सूरजपुर
- मुकेश जायसवाल (21) – पौंडी थाना पाली, कोरबा
- प्रशांत सिंह (23) – दत्ता कॉलोनी, अंबिकापुर
- अभिषेक जायसवाल (22) – चांदनी, बिहारपुर, सूरजपुर
- दीपक कुमार यादव (26) – पेटामारा, थाना तुमला, जशपुर

