कोलकाता: दार्जिलिंग के सिटोंग की वादियों में शुरू हुई एक नई जिंदगी की कहानी, मातम में बदल गई. हनीमून पर गई नई दुल्हन निकिता साहा की मौत से 2 महीने लंबी जंग आखिरकार खत्म हो गई. गुरुवार सुबह करीब 4 बजे कोलकाता के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में उन्होंने आखिरी सांस ली.
पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा की रहने वाली निकिता साहा की शादी को अभी कुछ ही दिन हुए थे. पति के साथ नई जिंदगी के सपने लेकर वो दार्जिलिंग के खूबसूरत गांव सिटोंग पहुंची थीं. किसे पता था कि खुशियों का ये सफर, जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा.
13 सितंबर की वो काली रात
13 सितंबर की रात, होमस्टे में बारबेक्यू का प्लान बना था. हंसी-मजाक के बीच अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते निकिता उसकी चपेट में आ गईं. आग इतनी तेज थी कि उनका शरीर करीब 60 प्रतिशत तक जल गया.
चीख-पुकार के बीच उन्हें पहले सिलीगुड़ी के एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर कोलकाता के बांगुर हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया. वहां डॉक्टरों ने 2 महीने तक उन्हें बचाने की हर मुमकिन कोशिश की.

