फिल्म ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) की आंधी ने पूरे बॉक्स ऑफिस को हिला कर रख दिया है। जो रुकने का नाम नहीं ले रही है। रिलीज के पांचवें हफ्ते में भी नीम करोली बाबा का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। जो अब एक विशाल सुनामी में बदल चुका है। शोभिनव सत्या और चंदन आनंद अभिनीत इस आध्यात्मिक फिल्म ने अपने 31वें दिन (रविवार) को कमाई का एक ऐसा नया रिकॉर्ड कायम किया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। वहीं, मिर्जापुर द फिल्म ने भी कमाल कर दिया है।
हनुमान अंश ने रविवार को कितना किया कलेक्शन?
सैकनिल्क (Sacnilk) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ ने अपने 31वें दिन भारत भर के 7,077 शो से लगभग 22.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। शनिवार (30वें दिन) को फिल्म ने 16.50 करोड़ रुपये कमाए थे, जिसकी तुलना में रविवार की कमाई में 37.9 प्रतिशत का भारी उछाल दर्ज किया गया है। यानी सिर्फ एक दिन में फिल्म की कमाई 6.25 करोड़ रुपये बढ़ गई।
फिल्म की थिएटर ऑक्यूपेंसी भी रिकॉर्ड तोड़ रही है। रविवार को हिंदी 2D शो में कुल ऑक्यूपेंसी 78.54% दर्ज की गई। शाम के शो में तो दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां ऑक्यूपेंसी 92.85% के शिखर पर पहुंच गई।
144 करोड़ पहुंचा हनुमान अंश का नेट कलेक्शन
इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस सफर किसी चमत्कार से कम नहीं है। पहले हफ्ते में मात्र 1.08 करोड़ और दूसरे हफ्ते में केवल 40 लाख रुपये कमाने वाली ‘हनुमान अंश’ ने तीसरे हफ्ते (10.40 करोड़) और चौथे हफ्ते (61 करोड़ रुपये) से ऐसी रफ्तार पकड़ी कि अब यह 100 करोड़ के जादुई आंकड़े को बहुत पीछे छोड़ चुकी है।
पांचवें वीकेंड में फिल्म ने शुक्रवार को 10 करोड़, शनिवार को 16.50 करोड़ और रविवार यानी 6 सितंबर को फिल्म ने 22.75 करोड़ रुपये बटोरकर इतिहास रच दिया है। अब तक फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 122.13 करोड़ रुपये हो चुका है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन 144.40 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित है कहानी
डॉ. विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित, निर्देशित और निर्मित यह फिल्म उनकी किताब ‘दिव्य यात्रा: जिसने मेरा जीवन बदल दिया’ पर आधारित है। यह एक नियोजित ट्रिलॉजी का पहला पार्ट है। यह कहानी युवा ‘लक्ष्मी नारायण’ की है, जो अपनी मां के निधन के बाद ईश्वर की खोज में गृहत्याग कर देता है और उत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों में अपनी आध्यात्मिक यात्रा के दौरान हुए अनुभवों के बाद वह अंत में पूजनीय संत ‘नीम करोली बाबा’ के रूप में परिवर्तित होता है।
मिर्जापुर द मूवी भी पहुंची 100 करोड़ के करीब
वहीं, पंकज त्रिपाठी की ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने रिलीज के तीसरे दिन यानी संडे को भी कमाल का कलेक्शन किया है। इसी के साथ इसने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दरअसल ये फिल्म संडे को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली साल की तीसरी फिल्म बन गई है। इसने आवारापन 2 के 26.82 करोड़ और धमाल 4 के 28.4 करोड़ के फर्स्ट संडे के कलेक्शन को मात दे दी है।
फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो इसने रिलीज के पहले दिन 25.50 करोड़ की ओपनिंग की थी। दूसरे दिन यानी शनिवार को इसने कमाई में तेजी दिखाते हुए 32 करोड़ कमाए थे। वहीं सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने रिलीज के तीसरे दिन 6 सितंबर यानी संडे को 36 करोड़ का धांसू कलेक्शन किया है। इस फिल्म का भारत में तीन दिनों का कुल कलेक्शन 93.75 करोड़ रुपये हो गया है। गुरमीत सिंह के डायरेक्शन में बनी ‘मिर्जापुर द मूवी’ में रवि किशन, जितेंद्र कुमार, रसिका दुगल, शीबा चड्ढा, अभिषेक बनर्जी, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी, हर्षिता गौर, सोनल चौहान, राजेश तैलंग, सुशांत सिंह, मोहित मलिक और कुलभूषण खरबंदा ने अहम रोल प्ले किया है।

