देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को पेट्रोल-डीजल के दामों में एक बार फिर इजाफा हुआ है। पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये महंगा हो गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि पिछले 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल के दामों में चौथी बार बढ़ोतरी हुई है।
महानगरों में अब कितनी हुई कीमत
अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये और डीजल की कीमत 95.20 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं कोलकाता में 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये, मुंबई में पेट्रोल की कीमत 111.21 रुपये और डीजल की कीमत 97.83 रुपये और चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 107.77 रुपये और डीजल की कीमत 99.55 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
शहरवार पेट्रोल-डीजल की कीमत
| शहर | पेट्रोल | डीजल |
| नोएडा | 102.12 रुपये | 95.56 रुपये |
| भोपाल | 114.57 रुपये | 99.64 रुपये |
| चंडीगढ़ | 101.51 रुपये | 89.47 रुपये |
| गांधीनगर | 102.01 रुपये | 98.13 रुपये |
नोट- कीमत प्रति लीटर पर है।
10 दिन में चौथी बार बढ़े दाम
बता दें कि 10 दिन में यह चौथी बार है जब पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दामों में 3-3 रुपये का इजाफा हुआ था। इसके बाद 19 मई को 90 पैसे की बढ़ोतरी हुई थी। फिर 23 मई को पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे और डीजल की कीमत में 91 पैसे प्रति लीटर बढ़े थे।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
वहीं कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई है। सोमवार को ब्रेंट क्रूड में 4.75 फीसदी की तेज गिरावट देखी गई और इसकी कीमत घटकर 98.62 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई। वहीं, डब्ल्यूटीआई क्रूड ऑयल भी 4.76 फीसदी टूटकर 92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
अन्य चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं…
- माल ढुलाई महंगी होने से ट्रक और टेम्पो का किराया बढ़ेगा। इसका असर सब्जियों, फलों और राशन के दामों पर पड़ सकता है।
- किसानों को ट्रैक्टर और पानी की मोटर चलाने में ज्यादा खर्च करना पड़ेगा, जिससे अनाज महंगा हो सकता है।
- बस, ऑटो और स्कूल बसों का किराया भी बढ़ने की संभावना है।

