वाराणसी: यूपी की पहली और देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस 30 अक्टूबर से चलने जा रही है. इससे दिवाली, छठ पूजा के लिए कन्फर्म टिकट का इंतजार कर रहे पूर्वांचल के यात्रियों को बड़ा तोहफा मिलेगा. वाराणसी से पूर्वांचल में आजमगढ़, जौनपुर, मऊ जैसे जनपदों के यात्री लाभ उठा सकेंगे. पटना, सीतामढ़ी समेत बिहार जाने वाले यात्री भी वाराणसी तक रेल यात्रा और फिर आगे दूसरी ट्रेन या बस से घर तक जा सकते हैं. दिल्ली से वाराणसी की 771 किमी की दूरी वंदे भारत से महज 9 घंटे में तय होगी. दिल्ली से वाराणसी के बीच चेयर कार वाली वंदे भारत एक्सप्रेस पहले ही संचालित हो रही है. दिल्ली-हावड़ा रूट पर ऐसी ट्रेनों की बड़ी डिमांड है.
वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर की टाइमिंग
वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर (27421)
वाराणसी जंक्शन (BSB) से रात 8:50 बजे ये प्रस्थान
प्रयागराज (आगमन): रात 10:35 बजे – (प्रस्थान): रात 10:40 बजे
कानपुर सेंट्रल (आगमन): रात 12:40 बजे- -(प्रस्थान): रात 12:45 बजे
नई दिल्ली (आगमन): सुबह 5:55 बजे
नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (27422)
नई दिल्ली (प्रस्थान): रात 09:40 बजे
कानपुर सेंट्रल (आगमन): रात 2:25 बजे, (प्रस्थान): रात 2:30 बजे
प्रयागराज (आगमन): सुबह 4:45 बजे, (प्रस्थान): सुबह 04:50 बजे
वाराणसी (आगमन): सुबह 6:45 बजे
यह ट्रेन हफ्ते में 6 दिन चलेगी और नई दिल्ली से शुक्रवार को नहीं चलेगी. जबकि यह ट्रेन वाराणसी से शनिवार को नहीं चलेगी.वाराणसी से नई दिल्ली के बीच 771 किलोमीटर की रेल यात्रा में अभी दो ही स्टॉपेज तय किए गए हैं. प्रयागराज जंक्शन(PRYJ) और कानपुर सेंट्रल (CNB) पर 5-5 मिनट ठहराव होगा. आगे अलीगढ़ को भी इसमें जोड़ा जा सकता है.
वंदे भारत स्लीपर का किराया
इस ट्रेन के लिए रिजर्वेशन 27 अक्टूबर से शुरू हो सकता है. देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (हावड़ा-कामाख्या रूट) के आधार पर देखें तो वाराणसी-दिल्ली रूट का किराया कुछ ऐसा होगा. आईआरसीटीसी पर ट्रेन टिकट बुकिंग शुरू करने के साथ सही किराया सामने आएगा.
- थर्ड एसी स्लीपर: लगभग 2200 से 2400 रुपये
- सेकंड एसी स्लीपर: लगभग 3000 से 3200 रुपये
- फर्स्ट एसी स्लीपर: लगभग 3800 से 4100 रुपये
वंदे भारत स्लीपर की खासियत
राजधानी और दुरंतो जैसी प्रीमियम ट्रेनों से ये वंदे भारत स्लीपर ज्यादा आरामदायक होगी. वंदे भारत स्लीपर के कुल 16 कोच में 11 कोच थर्ड एसी के होंगे. साथ ही चार कोच सेकंड एसी और 1 कोच फर्स्ट एसी का होगा. दूसरी एक्सप्रेस-मेल ट्रेनों के मुकाबले बर्थ में ज्यादा आरामदायक गद्देदार सीटें होंगी. हर सीट के साथ चार्जिंग पॉइंट, टॉकबैक सिस्टम और रीडिंग लाइट होंगी. वैक्यूम टॉयलेट और ट्रेन के अंदर सेंसर से खुदबखुद खुलने बंद होने वाले दरवाजे होंगे. एडवांस कपलिंग तकनीक से ट्रेन के चलने या रुकने पर यात्रियों को झटके नहीं लगेंगे.
वंदे भारत का हब बना वाराणसी
वाराणसी जंक्शन (BSB) और नई दिल्ली के बीच अभी दो दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं.वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर (22415,22416) में सुबह वाराणसी से चलती है और शाम को दिल्ली से वापस चलती है. नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर (22435, 22436) यह सुबह दिल्ली से चलती है. शाम को वाराणसी से वापस चलती है. इसके अलावा नई दिल्ली-पटना, दिल्ली-देवघर की वंदे भारत भी बनारस में ठहरती है.

