Saharanpur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहारनपुर पहुंचकर दिल्ली-देहरादून द्रुतमार्ग का उद्घाटन करेंगे। गणेशपुर में उतरकर डाट काली मंदिर में पूजा करेंगे और देहरादून में जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले उन्होंने रोड शो किया। अब पीएम वन्यजीव गलियारे का निरीक्षण कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने किया वन्यजीव गलियारे का निरीक्षण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे के एलिवेटेड हिस्से पर बनाए गए वन्यजीव गलियारे का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री जल्द ही देहरादून में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब एक किमी तक रोड शो करने के बाद एलिवेटेड रोड के निरीक्षण के लिए रवाना हो गए हैं। ले बाय(Lay-by) से पहले एनएचएआई द्वारा लगाई गई इस वन्य जीव गलियारे की प्रदर्शनी का उन्होंने अवलोकन किया। यहां से उन्होंने जंगल के नजारों को भी देखा।
इसके बाद प्रधानमंत्री अपने काफिले के साथ डाट काली मंदिर के लिए रवाना हो गए। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रधानमंत्री के साथ डाट मंदिर पहुंचे हैं। वहां प्रधानमंत्री काली माता की पूजा अर्चना के बाद रोड शो करते हुए देहरादून महेंद्रा मैदान की जनसभा के लिए रवाना होंगे
जनसभा से पूर्व सीएम योगी ने एक्स पर किया पोस्ट, लिखी ये बात
पीएम के कार्यक्रम से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आज सहारनपुर की धरती विकास, विश्वास और कनेक्टिविटी के ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनने जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 12,000 करोड़ की लागत से निर्मित दिल्ली-उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड को जोड़ने वाले दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि ‘नए भारत’ की नई गति, नई कनेक्टिविटी और नई संभावनाओं का सेतु है।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच यह नया मार्ग यात्रा समय में कमी, औद्योगिक गतिविधियों में तेजी और पर्यटन के नए आयाम स्थापित करेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एलिवेटेड काॅरिडोर पर रोड शो के लिए जैसे ही निकले। वहां मौजूद जनसमूह ने नारे लगाकर और फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी एसपीजी कमांडों से घिरी काले रंग की फार्च्यूनर कार में सवार थे।
कार में बाईं तरफ अगली सीट पर बैठे पीएम एक साइड के दरवाजे से बाहर निकले और उपस्थित जनसमूह का अभिवादन कर रहे थे। उत्साहित लोग उन पर फूलों की वर्षा कर रहे थे। पूरा माहौल मोदी-मोदी के जयकारों से गूंज रहा था। पीएम तकरीबन एक किलोमीटर तक रोड शो करेंगे।
11:48 AM, 14-APR-2026
रोड शो कर रहे पीएम नरेंद्र मोदी, उमड़ा जनसैलाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहारनपुर पहुंचकर रोडशो शुरु कर दिया है। इसके बाद वे देहरादून के लिए रवाना होंगे, जहां वे कुछ ही देर में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे।
यह कॉरिडोर दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा के समय को लगभग 6 घंटे से घटाकर करीब 2.5 घंटे कर देगा। इस परियोजना को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इंसानों और वन्यजीवों के बीच होने वाले टकराव को काफी हद तक कम किया जा सके।
परियोजना में करीब 12 किलोमीटर लंबा वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर भी बनाया गया है, जिसे एशिया के सबसे लंबे वन्यजीव कॉरिडोरों में से एक माना जा रहा है। इससे जंगल क्षेत्रों में वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

