राम मंदिर चंदा चोरी केस में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई हुई. इस दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत ने कहा है कि जांच को तार्किक परिणाम तक पहुंचाने का प्रयास करें. CJI ने पूछा कि जांच में कितना समय लगेगा? इसपर सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि 3 सप्ताह बाद सुनवाई करें.
सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट कोर्ट को दी है. एसआईटी अध्यक्ष यहां मौजूद हैं. वहीं निर्मोही अखाड़े के वकील ने कहा कि हमारी भी एक याचिका है. उसे लिस्ट नहीं किया गया है. इसपर सीजेआई ने कहा कि आप भी बेहतर जांच चाहते हैं? हम आपको सुनेंगे.
इसके बाद वकील ने कहा कि हम यह भी कह रहे हैं कि कोर्ट के जजमेंट का पूरी तरह पालन हो. सॉलिसिटर जनरल ने इसपर कहा कि इसका इस मामले से संबंध नहीं है.
जांच को लेकर कोई सुझाव है, वह दे सकता है- CJI
CJI ने निर्मोही के वकील से कहा कि आप जांच के बारे में अपनी बात रखिए. एक वकील ने एसआईटी की रिपोर्ट देने की मांग की. इसके बाद सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि आपराधिक मामले की जांच में ऐसा नहीं होता. रिपोर्ट कोर्ट को दी जाती है.
इसके बाद CJI ने कहा कि एसआईटी फॉरेंसिक ऑडिटर के सहयोग से जांच कर रही है. जिनके पास भी जांच को लेकर कोई सुझाव है, वह उसे सॉलिसिटर जनरल को दे सकता है. सॉलिसिटर जनरल उसे एसआईटी को भेजेंगे. एसआईटी उन पर विचार करेगा.

