मध्य प्रदेश – मुरैना जिले में दो सालों ने अपने जीजा को अर्द्धनग्न कर बेरहमी से पीटा. जंजीर में जकड़कर और पेड़ से बांधकर लाठी और पट्टे से जमकर पिटाई की. पिटाई से बचने के लिए जीजा अपने सालों से उसे बख्शने की भीख मांगता रहा, लेकिन किसी का दिल नहीं पसीजा. जब युवक की पिटाई हो रही थी तो कोई वीडियो भी बना रहा था, जो अब वायरल हो गया है.
दरअसल, मामला सिहोनिया थाना क्षेत्र के भिडौसा गांव का है और घटना सोमवार की बताई जा रही है. आरोप है कि कीचोल गांव का रहने वाला जीजा नंदकिशोर वाल्मीकि उर्फ छोटू अपनी साली (पत्नी की छोटी बहन) को प्रेम जाल में फंसा लिया और उसके साथ घर छोड़कर चला गया.
राजस्थान से जीजा को पकड़कर लाए
इससे ससुराल वाले आक्रोशित हो गए. उसकी खोजबीन करते हुए दोनों मोनू व गोलू वाल्मीकि राजस्थान के जोधपुर जा पहुंचे, जहां से अपनी छोटी बहन और जीजा को पकड़कर घर ले आए. फिर उसे पेड़ से बांधकर जमकर पीटा.
किसी ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया तो मामला सिहोनिया थाना पुलिस के संज्ञान में आया. इसके बाद दोनों पक्षों को थाना बुलाया गया और सुलह कराई.
दोनों साले गिरफ्तार
सिहोनिया थाना प्रभारी अतुल परिहार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी मोनू वाल्मीकि (25) और गोलू वाल्मीकि (22) को गिरफ्तार कर लिया है. उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है. पुलिस ने बताया कि पूछताछ में सालों ने अपने जीजा नंदकिशोर पर आरोप लगाया कि वह उनकी छोटी बहन (नंदकिशोर की साली) को घुमाने के बहाने ले जाकर उससे छेड़छाड़ कर रहा था.

