Bilaspur News : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक दिल-दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पर एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी-भराड़ी पुल के पास का है। शुरुआती जांच में पता चला है कि किसी बात को लेकर कुछ लोगों के बीच आपस में विवाद हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद लोगों ने तुरंत घायल को नाजुक हालत में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। चिकित्सकों की निगरानी में व्यक्ति का इलाज चल रहा है।
इलाके में दहशत का माहौल
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। वहीं, घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

