दिल्ली में मई के अंत में आयोजित होने जा रही इंटरनेशनल बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता शेरू क्लासिक में छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ की बेटी खुशबू नाग हिस्सा लेने जा रही हैं। खुशबू इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए कड़ी तैयारी में जुटी हुई हैं। वर्तमान में वे नारायणपुर के सिटी नाइट जिम में ट्रेनर के रूप में कार्यरत हैं और आदिवासी अंचल की युवतियों को फिटनेस की ट्रेनिंग भी दे रही हैं। इससे पहले वे दुर्ग के एक जिम में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
खुशबू नाग आज आदिवासी समाज की बेटियों के लिए एक प्रेरणा बन चुकी हैं। उनकी शुरुआती शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर, बेहबेड़ा गांव से हुई, और आगे की पढ़ाई नारायणपुर के आत्मानंद कॉलेज से, जहाँ से उन्होंने बीएससी की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के साथ-साथ उनका फिटनेस के प्रति जुनून लगातार बढ़ता गया।
खुशबू के पिता एक साधारण कारपेंटर हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य रही है, लेकिन उन्होंने कभी भी अपनी बेटी के सपनों को छोटा नहीं समझा। उनके दो भाइयों ने भी हर कदम पर उनका साथ दिया।
साल 2019 खुशबू के जीवन का सबसे कठिन समय लेकर आया, जब उनकी मां का कैंसर से निधन हो गया। इस दुख ने उन्हें गहरे अवसाद में डाल दिया। ऐसे समय में उनके भाई ने उन्हें फिटनेस के जरिए खुद को मजबूत बनाने की सलाह दी। जब उन्होंने पहली बार जिम का रुख किया, तो उन्हें जीवन की एक नई दिशा मिली।
जिम में उनकी मेहनत और लगन को देखकर कोच दिलीप यादव ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और प्रोफेशनल बॉडी बिल्डिंग में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। आज खुशबू न केवल खुद को तैयार कर रही हैं, बल्कि अपने जैसे कई युवाओं के लिए उम्मीद की किरण बन चुकी हैं।

