क्राइम

आरोपियों के कब्जे से गबन की पूरी रकम 36 लाख 50 हजार रुपये बरामद,दोस्ती के रिश्ते में धोखा…

रायपुर –  थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित कलेक्ट्रेट परिसर की मल्टीलेवल पार्किंग (महतारी चौक) में खड़ी कार से 36.50 लाख रुपये गबन करने के मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गबन की पूरी रकम 36 लाख 50 हजार रुपये बरामद कर ली है।

प्रार्थी ज्ञानप्रकाश पांडे, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पिरदा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने ग्राम पिरदा स्थित भूमि 36,50,000 रुपये में खरीदने का सौदा किया था। 16 फरवरी 2026 को वे टोकन राशि देने अपने मित्र नितिन सोनी के साथ कार (CG 17 RJ 1911) से रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे। कार को मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ा कर उन्होंने चाबी नितिन को सौंप दी और स्वयं रजिस्ट्री कार्यालय चले गए।

कुछ देर बाद नितिन ने फोन कर बताया कि कार में रखे सफेद कपड़े के थैले में रखे 36.50 लाख रुपये चोरी हो गए हैं। मौके पर पहुंचकर प्रार्थी ने देखा कि रकम गायब थी। पूछताछ में नितिन संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिस पर प्रार्थी को उस पर संदेह हुआ।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी विश्लेषण किया गया। फुटेज में कार के पास काले रंग की स्कूटी से एक संदिग्ध के आने-जाने के संकेत मिले।

पूछताछ के दौरान नितिन बार-बार बयान बदलता रहा। सख्ती से पूछताछ और घटनास्थल के रिक्रिएशन के बाद उसने अपने साथी तनवीर आलम के साथ मिलकर रकम गबन करने की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह अत्यधिक कर्ज में डूबा था और इसी वजह से उसने साजिश रची। योजना के तहत उसने प्रार्थी को रजिस्ट्री कार्यालय भेज दिया और साथी तनवीर को बुलाकर रकम हड़प ली। इस काम के एवज में उसने तनवीर को 2 लाख रुपये देने का वादा किया था।

पुलिस ने नितिन कुमार सोनी (32), निवासी सुमित लैंडस्केप, थाना विधानसभा रायपुर एवं तनवीर आलम (28), निवासी रावाभांठा ट्रांसपोर्ट नगर, थाना खमतराई रायपुर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 94/26 धारा 316(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते घटना के कुछ ही घंटों में पूरे मामले का खुलासा कर लिया गया।

Related Articles

Back to top button