मुंबई। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को एक धमकी भरा ई-मेल आया है, जिसमें अभिनेता अमिताभ बच्चन का घर और गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट स्थल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों और मुंबई पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
अधिकारी ने बताया कि बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) मुख्यालय में मेयर के दफ्तर की गहन तलाशी ली गई, लेकिन वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, यह ई-मेल डिप्टी मेयर संजय घाडी को भी भेजा गया था।
मुंबई में कई जगह बम धमाकों की धमकी
अधिकारी ने बताया कि मेयर को आए मेल में 31 अक्टूबर को एक स्कूल पर ग्रेनेड हमले की चेतावनी दी गई है। वहीं 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित घर ‘जलसा’ को निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
अधिकारी ने बताया कि इस धमकी के बाद, सुरक्षा एजेंसियों ने संदेश की सच्चाई का पता लगाने, यह कहां से भेजा गया है यह जानने और भेजने वाले की पहचान करने के लिए व्यापक जांच शुरू कर दी है।
‘खालिस्तान’ का जिक्र करने वाले इस ई-मेल में यह भी दावा किया गया है कि 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स इलाके में होने वाले गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान हमला किया जाएगा।
अधिकारी ने आगे बताया कि एहतियात के तौर पर मेयर के दफ्तर, महालक्ष्मी रेसकोर्स, शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों और ई-मेल में बताए गए सभी स्थानों पर सुरक्षा और निगरानी काफी बढ़ा दी गई है।

