कवर्धा (RDX Bomb Threat): छत्तीसगढ़ के कवर्धा में हड़कंप मच गया जब जिला कलेक्टर कार्यालय को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल प्राप्त हुआ। यह धमकी भरा मेल कथित तौर पर कश्मीर से भेजा गया था, जिसमें दोपहर 2:30 बजे तक का अल्टीमेटम दिया गया था। मेल में तमिलनाडु के एआईएडीएमके नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी की हत्या की साजिश का भी जिक्र किया गया था।
धमकी में यह कहा गया है कि यह हमला तमिलनाडु से ध्यान हटाकर छत्तीसगढ़ की ओर मोड़ने की एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। मेल में आरोप लगाया गया कि यह साजिश अंतरराष्ट्रीय कार्टेल और तमिलनाडु के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा रची गई है, जिसमें विस्फोट को आरएक्स-एस गैलीलियो रिमोट कंट्रोल सिस्टम के जरिए अंजाम देने की योजना है।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई
स्थानीय प्रशासन ने इस धमकी को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। कलेक्टर कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों को खाली कर दिया गया और बम निरोधक दस्ते को घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
अफवाहों से बचने की अपील
जिलाधिकारी ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। इस धमकी ने स्थानीय लोगों में डर पैदा कर दिया है, लेकिन प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

