मुख्य समाचार

दर्दनाक हादसा, कुए में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगी की मौत

नासिक, महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के शिवाजीनगर इलाके में शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक कार सड़क किनारे बने पानी से भरे कुएं में गिर गई, जिससे एक ही परिवार के 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे डिंडोरी तालुका में शोक की लहर दौड़ गई है।

मीटिंग से लौटते वक्त हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, शिवाजीनगर स्थित राजे बैंक्वेट हॉल में वडजे क्लासेस द्वारा एक मीटिंग आयोजित की गई थी। इस मीटिंग में शामिल होने के लिए डिंडोरी तालुका के इंदौर गांव से दरगोड़े परिवार आया हुआ था। मीटिंग खत्म होने के बाद परिवार मारुति एक्सएल कार से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे सड़क किनारे बने गहरे कुएं में जा गिरी। कुआं पूरी तरह पानी से भरा हुआ था, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन में आईं मुश्किल

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। तहसीलदार मुकेश कांबले, पुलिस इंस्पेक्टर भगवान माथुरे और चीफ ऑफिसर संदीप चौधरी के नेतृत्व में पुलिस, फायर ब्रिगेड, डिजास्टर मैनेजमेंट टीम और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कुएं में पानी भरा होने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। देर रात तक चले ऑपरेशन में दो क्रेनों की मदद से कार को बाहर निकाला गया।

सभी 9 लोगों की हुई मौत

रेस्क्यू के दौरान कार से 8 लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि एक लड़की की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया। कुछ समय बाद उसका शव भी कुएं से बरामद कर लिया गया। इस तरह इस हादसे में कुल 9 लोगों की जान चली गई।

मृतकों की पहचान

  • सुनील दत्तात्रेय दरगोड़े (32)
  • रेशमा सुनील दरगोड़े (27)
  • राखी उर्फ गुणवंती (10)
  • माधुरी अनिल दरगोड़े (13)
  • श्रवणी अनिल दरगोड़े (11)
  • आशा अनिल दरगोड़े (32)
  • श्रेयश अनिल दरगोड़े (11)
  • सृष्टि अनिल दरगोड़े (14)
  • समृद्धि राजेश दरगोड़े (7)

जांच में जुटी NDRF टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। डिंडोरी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button