ग्वालियर। शादी का घर, खुशियों का माहौल और ऐन वक्त पर अगर दूल्हे की शेरवानी और पगड़ी ही गायब हो जाए, तो सोचिए क्या बीतेगी? कुछ ऐसा ही हुआ उत्तर प्रदेश के बलरामपुर के रहने वाले अमन कुमार के साथ… लेकिन एमपी की ग्वालियर RPF की मुस्तैदी ने इस ‘दूल्हे राजा’ की बड़ी मुश्किल आसान कर दी।
मामला ग्वालियर रेलवे स्टेशन का है। यूपी के बलरामपुर निवासी अमन कुमार अपनी शादी के लिए साबरमती एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे। हड़बड़ी ऐसी कि ग्वालियर स्टेशन पर उतरकर उन्होंने झांसी के लिए दूसरी ट्रेन तो पकड़ ली, लेकिन अपना मुख्य बैग साबरमती एक्सप्रेस के कोच नंबर M-1 में ही भूल गए। झांसी पहुंचने पर जब अमन को एहसास हुआ कि उनकी शेरवानी और पगड़ी वाली बैग ट्रेन में ही रह गई है, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
संदेश मिलते ही एक्टिव हुई RPF
बिना देर किए उन्होंने झांसी कंट्रोल रूम को सूचना दी। संदेश तुरंत ग्वालियर आरपीएफ को पास किया गया। सूचना मिलते ही ग्वालियर RPF की टीम एक्शन मोड में आई। ट्रेन तब तक यार्ड में खड़ी हो चुकी थी। जवानों ने कोच में सघन तलाशी ली और आखिरकार बर्थ पर लावारिस हालत में पड़ा वह बैग मिल गया, जिसमें दूल्हे की कीमती शेरवानी और पगड़ी रखी थी।
दूल्हे ने दिल से जताया आभार
RPF ने पूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अमन कुमार को उनका सामान सुरक्षित सौंप दिया। अपनी शेरवानी वापस पाकर दूल्हे के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने पुलिस की इस सजगता के लिए दिल से आभार जताया। ग्वालियर RPF की इस तत्परता ने एक परिवार की खुशियों को फीका होने से बचा लिया।

