हिमाचल प्रदेश – औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-नालागढ़ के मानपुर थाना के तहत लोधी माजरा के समीप जट्टी माजरा गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान 29 वर्षीय दीपक कुमार पुत्र लालटू सिंह, निवासी गांव दरौरा, तहसील व जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दीपक शादीशुदा था और उसकी पत्नी, बेटा तथा माता-पिता उत्तर प्रदेश में ही रहते हैं। वह रोजगार के सिलसिले में बद्दी आया था और यहां एक कंपनी में काम कर रहा था। बद्दी में वह अकेला रहता था।
भाई ने आपत्तिजनक हालत में देख लिया
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दीपक का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। सोमवार को युवती के भाई ने कथित तौर पर दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और युवक पर हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दीपक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपित हुआ फरार
घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है।
फोरेंसिक टीम ने की पड़ताल
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पूछताछ और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और पूछताछ के बाद ही हत्या के कारणों तथा वारदात में शामिल आरोपित की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुटी हुई है।

