Jharkhand News: झारखंड सरकार ने राज्य में स्वच्छता बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत 70 करोड़ रुपये की लागत से 800 नए शौचालय बनाए जाएंगे। इनमें से 700 सामान्य शौचालय होंगे और 100 सामुदायिक/सार्वजनिक शौचालय व यूरिनल शामिल होंगे। ये शौचालय राज्य के सभी 48 नगर निकायों में बनाए जाएंगे।
नगर विकास एवं आवास विभाग ने इस अभियान में पांच मुख्य गतिविधियों पर ध्यान देने का फैसला किया है:
- नागरिक भागीदारी और जागरूकता बढ़ाना
- खुले में शौच मुक्त स्थिति बनाए रखना
- अपशिष्ट प्रबंधन और नई परियोजनाओं का क्रियान्वयन
- एक लाख से कम आबादी वाले छोटे शहरों में फिकल स्लज प्रबंधन
- स्वच्छता से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण काम
इस योजना में करीब 10 करोड़ रुपये नागरिक जागरूकता और पहुंच बढ़ाने पर खर्च किए जाएंगे। इसके तहत मोहल्ला सभाओं, स्कूलों और सार्वजनिक जगहों पर अभियान चलाकर लोगों को कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। छोटे शहरों में फिकल स्लज और इस्तेमाल किए गए पानी का वैज्ञानिक तरीके से उपचार किया जाएगा। इससे सेप्टिक टैंक और गंदे पानी से निकलने वाले अपशिष्ट का सुरक्षित शोधन सुनिश्चित होगा। इस पर भी लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस अभियान का उद्देश्य झारखंड में स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना और सभी नागरिकों को स्वच्छ जीवन के लिए जागरूक करना है।

