क्राइम

बच्चे ने घर से लाखों की जूलरी उठाकर दुकानदार को दे दी, मोमोज के लिए…

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मोमोज खिलाने के बहाने एक कक्षा 7 के बच्चे को फुसलाकर तीन युवकों ने घर के लाखों रुपये के जूलरी हड़प लिए. यह पूरा मामला भगवानपुर तिवारी गांव का है, जहां पीड़ित परिवार ने पुलिस में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. 

पीड़ित पिता विमलेश मिश्र वाराणसी में एक मंदिर के पुजारी हैं. उन्होंने बताया कि उनका बेटा मोमोज खाने का बेहद शौकीन है और इसी कमजोरी का फायदा उठाते हुए देवरिया‑कसया मार्ग स्थित डुमरी चौराहे पर मोमोज की दुकान लगाने वाले तीन युवकों ने बच्चे को धीरे‑धीरे अपने जाल में फंसाया. पिता के अनुसार, आरोपी कई दिनों से लड़के को मोमोज खिलाते थे और फिर उसे बहला‑फुसलाकर घर से गहने लाने के लिए कहते थे. 

कैसे हुआ मामले का खुलासा?

पुजारी विमलेश मिश्र ने बताया कि घर में उनका और उनकी बहन का करीब 85 लाख रुपये का जूलरी रखा था. जब उनकी बहन किसी काम से अपना जूलरी लेने आई और आलमारी खोली, तो उनके होश उड़ गए अलमारी के अंदर रखा लगभग सारा जेवर गायब था.  घबराए पिता ने बेटे से पूछताछ की, तो उसने बताया कि उसने मोमोज खाने के नाम पर गहने डुमरी चौराहा स्थित दुकानदारों को दे दिए हैं.

तीन के खिलाफ शिकायत दर्ज

इस खुलासे के बाद पीड़ित परिवार ने तीनों संदिग्ध युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर रामपुर कारखाना थाने में दी है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की भूमिका, बच्चे को बहलाने की प्रक्रिया और गायब हुए जेवर की कुल मात्रा की जांच की जा रही है.

घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर किस तरह एक बच्चे को इतने लंबे समय तक बहकाकर इतनी बड़ी ठगी को अंजाम दे दिया गया. पुलिस अब सीसीटीवी और स्थानीय सुरागों की मदद से पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में लगी है. हालांकि पुलिस की तरफ से अब तक इस मामले में कोई बयान सामने नहीं आया है. 

Related Articles

Back to top button