श्रीलंका की मेजबानी में खेली जा रही ट्राई सीरीज में भारत ए अपना तीसरा मुकाबला दांबुला के रांगिरी दांबुला अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेल रही है। इस मैच में भारत ने 27 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 132 रन बना लिए हैं। फिलहाल भारत पूरी तरह से बैकफुट पर है। लेकिन, मैच के दौरान श्रीलंका के विकेटकीपर से एक गलती हो गई, जिसके चलते उस पर पांच रन की पेनल्टी लगी है।
भारत को बोनस के रूप में मिले रन
दरअसल, ये घटना श्रीलंका की गेंदबाजी के दौरान 16 वें ओवर की चौथी गेंद पर घटी। कुगाथास मथुलन ने अपनी लाइन खो बैठे और आयुष बडोनी को फेंकी गई ये गेंद लेग साइड में चली गई। लेकिन, विकेटकीपर डिकवेला गेंद के उछाल का समझ नहीं पाए और वह उनके पास से उछलकर पीछे रखे हेलमेट से टकराई। इसके लिए अंपायर ने भारत को बोनस के रूप में पांच पेनल्टी रन दिए।
एक नजर मैच पर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ए की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। उसने महज 29 के स्कोर पर युवा विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (21) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद टीम के खाते में 10 रन ही जुड़े थे कि दूसरे ओपनर प्रभसिमरन सिंह भी 11 रन बनाकर आउट हो गए। फिर तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ के बीच तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी हुई, लेकिन 91 के स्कोर पर कप्तान तिलक (23) भी आउट हो गए। गायकवाड़ ने फिर आयुष बडोनी के साथ भारतीय पारी को आगे बढ़ाते हुए चौथे विकेट के लिए 15 रन की साझेदारी कर स्कोर को 111 तक पहुंचाया, लेकिन गायकवाड़ 37 रन बनाकर पगबाधा आउट हो गए। इसके बाद निशांत सिंधु छह रन बनाकर चलते बने। खबर लिखे जानें तक भारत ने 27 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 132 रन बना लिए हैं। सूर्यांश शेगडे चार और अंकुल रॉय तीन रन बनाकर खेल रहे हैं।
पहले गेंदबाजी का फैसला सही साबित हुआ
श्रीलंका के कप्तान सहान अराचिगे के टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी के फैसले को उनके गेंदबाजों ने सही साबित किया है। भारत ए को बैकफुट पर ढकेलने में विजयकांत व्यासकांत (2 विकेट), वानुजा सहान, कुगाथास मथुलन, मोहम्मद शिराज और कप्तान अराचिगे ने एक-एक विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई है।

