बौंसी | मंदार पर्वत पर युवती के साथ कथित छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दर्ज प्राथमिकी के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गयी है. हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी, बौंसी एसडीपीओ और बौंसी थानाध्यक्ष की टीम ने आधे दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. हिरासत में लिए गए लोगों में कुछ नाबालिग भी बताए जा रहे हैं. पुलिस सभी संदिग्धों से पूछताछ कर वायरल वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है.
आईजी और एसपी ने की मामले की समीक्षा
मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को आईजी विवेक कुमार और बांका एसपी अमितेश कुमार ने बौंसी पुलिस अनुमंडल कार्यालय में करीब एक घंटे तक मामले की समीक्षा की. इस दौरान अधिकारियों ने अब तक हुई पुलिस कार्रवाई, वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर जानकारी ली. अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामले में तेजी से कार्रवाई करने को कहा. मामले की जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन भी किया गया है.
संदिग्धों से पूछताछ, गिरफ्तारी के लिए कई टीमों की छापेमारी
सूत्रों के अनुसार, पुलिस की ओर से जारी प्रेस रिलीज में जिन आरोपितों के नाम का उल्लेख किया गया है, उनमें मुख्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. एसआईटी के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और वायरल वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान की जानकारी जुटा रही है.
वायरल वीडियो के आधार पर दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में वायरल वीडियो के आधार पर बौंसी थाना के अलावा साइबर थाना में भी अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के स्रोत और उसके प्रसार की भी जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीडियो सबसे पहले कहां से प्रसारित हुआ और इसके प्रसार में किन लोगों की भूमिका रही. जांच के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी नजर
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

