UP Election 2027 Survey: सर्वे में 42 ऐसी विधानसभा सीटें भी हैं, जहां मुकाबला बेहद करीबी है. सर्वे में इन सीटों को फिलहाल टाई घोषित किया गया है. ऐसे में इन सीटों का रुख चुनावी तस्वीर बदल सकता है.
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी मुकाबला बेहद दिलचस्प होता दिखाई दे रहा है. भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और समाजवादी पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के INDIA गठबंधन के बीच कड़ी टक्कर का अनुमान सामने आया है.
SCORE के उत्तर प्रदेश ओपिनियन पोल Round 1 के मुताबिक, अगर आज विधानसभा चुनाव होते हैं तो किसी भी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने की स्थिति नहीं दिख रही है. सर्वे में NDA को 181 से 226 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है, जबकि सपा और कांग्रेस के वोट जोड़ने पर INDIA गठबंधन का आंकड़ा 174 से 219 सीटों तक पहुंच रहा है.
BJP और सपा कितनी सीट जीत सकते हैं?
SCORE की ओर से जारी सर्वे के मुताबिक, बीजेपी अकेले 177 से 215 सीटें जीत सकती है, जबकि समाजवादी पार्टी को 160 से 202 सीटें मिलने का अनुमान है. यह अनुमान वोट शेयर के आधार पर नहीं, बल्कि विधानसभा सीटों के अलग-अलग आकलन पर तैयार किया गया है. सर्वे में उन सीटों को भी ध्यान में रखा गया है, जहां मुकाबला इतना करीबी है कि किसी एक पार्टी की जीत का दावा करना मुश्किल है. गौरतलब है कि 403 सदस्यों वाली यूपी विधानसभा में बहुमत के लिए 202 सीटें चाहिए. सर्वे में सपा को 202 सीटें हासिल करने तक की बात कही गई है.
सर्वे की खास बात यह है कि इसमें मतदाताओं से पूछा गया कि वे किस पार्टी को वोट देंगे, न कि किस गठबंधन को. इसकी वजह यह बताई गई है कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा अभी तय नहीं है. ऐसे में दोनों पार्टियों के वोट जोड़कर INDIA गठबंधन का अनुमान तैयार किया गया है. दूसरी ओर NDA का अनुमान 181 से 226 सीटों के बीच रखा गया है.
बीजेपी और सपा दोनों लगभग 37 % वोट शेयर!
SCORE के मुताबिक बीजेपी और सपा दोनों लगभग 37 % वोट शेयर पर हैं. गठबंधन के लिहाज से NDA को INDIA गठबंधन पर केवल 2.35 % की बढ़त दिखाई गई है.
सर्वे में 42 ऐसी विधानसभा सीटें भी सामने आई हैं, जहां मुकाबला बेहद करीबी है और नतीजा तय करना मुश्किल है. इन्हें फिलहाल टाई घोषित किया गया है. ऐसे में इन सीटों का रुख चुनावी तस्वीर बदल सकता है.
SCORE ने यह सर्वे 16 सितंबर से 20 नवंबर 2026 के बीच उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर 91,429 मतदाताओं के बीच कराया.

