IPL 2025: हेल्थ मिनिस्ट्री की सख्ती, तंबाकू-शराब के विज्ञापनों पर रोक की मांग
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2025) का आगाज 22 मार्च से होने जा रहा है, जिसमें 13 अलग-अलग वेन्यू पर कुल 74 मैच खेले जाएंगे। दुनिया भर के कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर जल्द ही भारत पहुंचने वाले हैं। इसी बीच, भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने आईपीएल चेयरमैन को एक चिट्ठी लिखकर तंबाकू और शराब के विज्ञापनों पर सख्ती बरतने की मांग की है।
मैच के दौरान न दिखाएं तंबाकू-शराब के विज्ञापन
स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपनी चिट्ठी में कहा है कि आईपीएल मैचों के दौरान तंबाकू और शराब के विज्ञापन नहीं दिखाए जाने चाहिए। मंत्रालय ने चिंता जताते हुए लिखा, “भारत में कैंसर, फेफड़ों की बीमारी, डायबिटीज और हाइपरटेंशन जैसी गंभीर गैर-संचारी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिनके पीछे तंबाकू और शराब का बड़ा योगदान है। तंबाकू से होने वाली मौतों के मामले में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर है, जबकि शराब के कारण हर साल करीब 14 लाख लोग अपनी जान गंवाते हैं।”
इसके अलावा, मंत्रालय ने आईपीएल से जुड़े इवेंट्स के दौरान भी तंबाकू और शराब उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने की सिफारिश की है।
पहला मुकाबला KKR बनाम RCB
आईपीएल 2025 का पहला मैच पिछली बार की विजेता कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच होगा, जो कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। अगले दिन डबल हेडर मुकाबलों के साथ टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ जाएगा।
फाइनल मुकाबला ईडन गार्डन्स में
प्लेऑफ के मैच हैदराबाद और कोलकाता में खेले जाएंगे। पहला क्वालीफायर 20 मई को और एलिमिनेटर मुकाबला 21 मई को हैदराबाद में होगा। वहीं, दूसरा क्वालीफायर 23 मई को और ग्रैंड फाइनल 25 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा।

