हार्ट अटैक के बाद मौत के मुंह में गया था सुपरस्टार्स का गुरु, सलमान बने मसीहा, रणबीर-आलिया भी कहते हैं ‘सर’
आज जिस शख्स की हम बात कर रहे हैं, वह कोई अभिनेता नहीं, बल्कि एक बेहतरीन डांसर हैं। फिल्मी दुनिया में उनकी खास पहचान है, और अपने डांस के हुनर से उन्होंने हर घर में अपनी अलग जगह बनाई है। उनकी लोकप्रियता कई फिल्मी सितारों से भी ज्यादा है।

बॉलीवुड में चाहे कोई पर्दे के आगे हो या पीछे, सफलता तक पहुंचने के लिए उसे अपने संघर्षों से गुजरना ही पड़ता है। कड़ी मेहनत से ही यहां बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है। आज हम बात कर रहे हैं मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्म निर्माता रेमो डिसूजा की, जो 2 अप्रैल को अपना 51वां जन्मदिन मना रहे हैं। अपने बेहतरीन डांस कौशल और अनोखी कोरियोग्राफी के लिए पहचाने जाने वाले रेमो, इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। बैकग्राउंड डांसर के रूप में करियर की शुरुआत करने वाले रेमो ने डांस रियलिटी शोज़ डांस प्लस और डांस इंडिया डांस में जज के रूप में भी खास पहचान बनाई।
संघर्ष और शुरुआती रिजेक्शन
रेमो का जन्म कर्नाटक के बेंगलुरु में हुआ था, लेकिन उनकी परवरिश गुजरात के जामनगर में हुई। असली नाम रमेश गोपी था। उनके पिता भारतीय वायुसेना में कार्यरत थे और चाहते थे कि रेमो किसी स्थिर करियर को अपनाएं। लेकिन रेमो तो माइकल जैक्सन को अपना आदर्श मान चुके थे और डांसिंग में ही करियर बनाना चाहते थे। उन्होंने कभी किसी से डांस की ट्रेनिंग नहीं ली, बल्कि खुद की मेहनत और जुनून से इसे सीखा। बेहतर मौके की तलाश में वह मुंबई पहुंचे, लेकिन यहां उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। कई ऑडिशन में रिजेक्शन झेलने के साथ-साथ उन्होंने कई रातें खाली पेट भी गुजारीं। यहां तक कि बैकग्राउंड डांसर के तौर पर भी उन्हें शुरुआत में ब्रेक नहीं मिला। आखिरकार, उन्होंने अहमद खान के असिस्टेंट के रूप में काम करना शुरू किया।
पहला बड़ा ब्रेक और करियर ग्राफ
रेमो को बतौर कोरियोग्राफर पहला बड़ा ब्रेक साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म ‘दिल पे मत ले यार’ में मिला। इसके बाद उन्होंने कई सुपरहिट गानों को कोरियोग्राफ किया और धीरे-धीरे इंडस्ट्री के सबसे बड़े कोरियोग्राफरों में शुमार हो गए। ‘धूम अगेन’, ‘सुन साथिया’, ‘बदतमीज दिल’, ‘डिस्को दीवाने’, ‘गर्मी’ जैसे गानों पर उनका जादू देखने को मिला। उनकी शानदार कोरियोग्राफी के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिल चुका है।
कोरियोग्राफी में जबरदस्त सफलता के बाद उन्होंने निर्देशन में भी हाथ आजमाया। उन्होंने फिल्म ‘फालतू’ (2011) से बतौर निर्देशक डेब्यू किया। इसके बाद ‘ABCD’, ‘ABCD 2’, ‘स्ट्रीट डांसर 3D’ और ‘रेस 3’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। हाल ही में उनकी फिल्म ‘बी हैप्पी’ रिलीज हुई, जिसमें अभिषेक बच्चन लीड रोल में हैं।
View this post on Instagram
जानलेवा हार्ट अटैक और सलमान बने मसीहा
साल 2020 में रेमो डिसूजा की जिंदगी में एक बड़ा मोड़ आया, जब उन्हें अचानक हार्ट अटैक आ गया। वर्कआउट के दौरान उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर्स ने बताया कि उनके दिल की 100% ब्लॉकेज हो चुकी थी, जिससे उनकी जान पर बन आई। इस मुश्किल वक्त में सुपरस्टार सलमान खान उनके लिए मसीहा साबित हुए। रेमो ने खुद खुलासा किया कि सलमान ने न केवल लगातार उनकी सेहत की जानकारी ली, बल्कि अपने खास डॉक्टर्स की टीम से उनका इलाज भी कराया।
कुछ महीनों बाद ही रेमो ने फिर से डांस करना शुरू कर दिया। उनका कहना था, “डांस मेरी जान है, मैं इसे कभी नहीं छोड़ सकता।”