केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों को 7 मई को नागरिक सुरक्षा के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्देश दिया है। इस मॉक ड्रिल में भिलाई स्टील प्लांट जैसे राष्ट्रीय महत्व के औद्योगिक संस्थानों को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भी इसे किया जाएगा। रायपुर जिला प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है।
इस दौरान सिविल डिफेंस बलों को नागरिकों को किसी हमले से सुरक्षा के उपायों से अवगत कराने और प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया गया है। यह आदेश सभी राज्यों के लिए जारी किया गया है। मॉक ड्रिल के दौरान एयर रेड वार्निंग सायरन बजाए जाएंगे, और नागरिकों, छात्रों समेत आम जनता को शत्रुत्पूर्ण हमले के दौरान खुद की सुरक्षा के उपायों के बारे में सिखाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, त्वरित ब्लैकआउट उपायों, महत्वपूर्ण संस्थानों की कैमुफ्लाजिंग और निकासी योजना का अभ्यास भी किया जाएगा।
देश के 244 जिलों में 7 मई को यह मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जबकि लखनऊ, श्रीनगर और मुंबई में पुलिस और रेस्क्यू टीमों को युद्धकालीन बचाव उपायों के लिए पहले ही प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस मॉक ड्रिल के दौरान सायरन बजाकर नागरिकों को चेतावनी दी जाएगी।
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच, इस महीने भारत को रूस से एक जंगी जहाज मिलने की उम्मीद है। यह जहाज ब्रह्मोस मिसाइल से लैस होगा और रडार से बचने में सक्षम होगा। भारत-पाकिस्तान के बीच 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से तनाव और बढ़ गया है, जिसमें 26 पर्यटक मारे गए थे।

