जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के कर्रेगुट्टा पहाड़ी के उत्तरी हिस्से में स्थित इलमिड़ी गांव के पास तेलंगाना ग्रेहाउंड्स बल के अभियान के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाजेडु (तेलंगाना) से लौट रही ग्रेहाउंड्स टीम के पीछे चल रहे दस्ते पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का हमला हुआ, जिसमें ग्रेहाउंड्स के पांच जवान शहीद हो गए।
हालांकि, अग्रिम दस्ते ने माओवादियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने एक करोड़ के इनामी और केंद्रीय कमेटी सदस्य (सीसीएम) माओवादी चंद्रन्ना और 25 लाख के इनामी स्टेट जोनल कमेटी सदस्य (एसजेडसीएम) बंडी प्रकाश समेत कुल 10 माओवादियों को मार गिराया है। मुठभेड़ अभी भी जारी है।
माओवादी दबाव में, फिर कर रहे हमले
छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर सुरक्षाबलों की सख्त कार्रवाई से माओवादी बौखलाए हुए हैं। एक ओर वे शांति वार्ता की बात कर रहे थे, लेकिन दूसरी ओर अब फिर से फोर्स को निशाना बनाकर हमले कर रहे हैं। सुरक्षा बल लगातार माओवादियों के ठिकानों पर कार्रवाई कर रहे हैं और उन्हें भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।

