पेंड्रा: स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल आज अचानक अस्पताल की बजाय पेंड्रा की एक शराब दुकान पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में हलचल मच गई। उनकी इस अप्रत्याशित स्थिति ने कई तरह की चर्चाओं को जन्म दिया, लेकिन बाद में उन्होंने इसे सतत निरीक्षण प्रक्रिया का हिस्सा बताते हुए अवैध शराब पर नियंत्रण लगाने की बात की।
दरअसल, स्वास्थ्य मंत्री गौरेला—पेंड्रा—मरवाही जिले के दौरे पर थे, जहां उन्हें सुशासन शिविर में शामिल होना था। इससे पहले, वह अचानक पेंड्रा स्थित शराब दुकान पर पहुंचे, जहां जिले की कलेक्टर लीना कमलेश मंडाबी भी उनके साथ थीं। उन्होंने वहां शराब के विभिन्न प्रकार के स्टॉक की जानकारी ली और शराब की बिक्री और ग्राहकों के बीच कोई कानून व्यवस्था की समस्या न हो, इसके लिए निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उनका दौरा यह सुनिश्चित करने के लिए था कि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और यह देखने के लिए कि सभी शराब की वैरायटी उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि यह इलाका बॉर्डर से जुड़ा हुआ है, जहां यह देखना जरूरी था कि हर प्रकार की शराब उपलब्ध हो। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का काम शराब की दुकान को सही तरीके से चलाना उतना ही महत्वपूर्ण है जितना अन्य कार्य। साथ ही, उन्होंने अवैध शराब की बिक्री से सरकार को होने वाले राजस्व नुकसान की बात भी की।

