दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत डूमरडीह गांव में एक युवक की रहस्यमयी मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। गांव के एक मकान से दुर्गंध आने की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घर का दरवाजा खोलने पर अंदर एक युवक का शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला। मृतक की पहचान मुख्तार सिंह सतनामी के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी शांति और दो बच्चों के साथ उसी घर में रहता था।
पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि सोमवार को उन्हें एक घर से लगातार बदबू आने की सूचना मिली थी। जब टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खोला गया, तो अंदर मुख्तार सिंह का करीब तीन दिन पुराना शव मिला, जो सड़ने की स्थिति में था और बिना कपड़ों के था। यह परिस्थिति मौत को संदिग्ध बना रही है।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि मुख्तार की पत्नी तीन दिन पहले बच्चों को लेकर मायके गई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि जाने से पहले मुख्तार पूरी तरह स्वस्थ था। हालांकि, मुख्तार को पहले से शुगर और हाई बीपी की समस्या थी और वह अक्सर बीमार रहता था। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि घर में अकेले रहने के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से, समय पर इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई होगी। लेकिन शव का नग्न अवस्था में मिलना सामान्य मृत्यु की आशंका को और गहरा कर रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है।

