कोंडागांव। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी 19 वर्षीय सगी बहन के साथ दो साल तक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका भाई उसे लगातार डरा-धमका कर शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान वह गर्भवती भी हो गई, जिसके बाद आरोपी ने जबरन उसका गर्भपात करा दिया।
लगातार शोषण से परेशान होकर युवती घर से भाग गई थी और पांच दिन तक लापता रहने के बाद थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। लोगों का कहना है कि आरोपी को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। सामाजिक संगठनों, महिला कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भी इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा की है और मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर जल्द से जल्द कड़ी सजा देने की मांग की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के अनुसार, पीड़िता डर और धमकी की वजह से अब तक चुप थी, लेकिन अब उसने हिम्मत जुटाकर मामला दर्ज कराया है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

