जगदलपुर, कोरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित दंतेवाड़ा क्षेत्र में विकास से आए बदलावों पर खुशी व्यक्त की और इसे गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा जिले के 10वीं और 12वीं की परीक्षा परिणाम इस बदलाव की जीवंत मिसाल हैं। साथ ही, पीएम ने कोरिया के सोन हनी की भी प्रशंसा की।
दंतेवाड़ा ने 10वीं कक्षा में 95 प्रतिशत परिणाम के साथ पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि 12वीं कक्षा में यह जिला छठे नंबर पर रहा। यह वही दंतेवाड़ा है, जहां कभी माओवाद का आतंक था, लेकिन आज शिक्षा की नई रोशनी वहां चमक रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये सफलताएँ साहस, दृढ़ निश्चय और सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, खेल और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार विकास की नई कहानी लिख रहा है।
बस्तर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यहां के लोग तमाम चुनौतियों के बावजूद अपने जीवन को बेहतर बनाने की राह चुन रहे हैं। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि बस्तर और दंतेवाड़ा जैसे क्षेत्रों के बदलाव हम सबके लिए गर्व का कारण हैं।
मन की बात की 122वीं कड़ी में बस्तर और दंतेवाड़ा का जिक्र करने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप काम कर रही है और राज्य इस अभियान में अहम योगदान देगा।

